नवादा : बुद्धिजीवी विचार मंच के समर्पित कार्यकर्ताओं ने डा सुनीति कुमार के नेतृत्व में जिले के नरहट प्रखंड क्षेत्र के पुंथर बारा गांव में बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों के साथ शिक्षा जागरूकता हेतु प्रभातफेरी निकाली। इस गांव में इसके पूर्व भी यह अभियान चलाया जा चुका है। प्रभातफेरी में मंच के संयोजक अबधेश कुमार, रामबिलास सर , मथुरा पासवान, दिलीप पासवान, शिक्षक अजय कुमार एवं व्यास यादव सहित अन्य समर्पित साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बरसात के कारण कुछ कठिनाइयाँ जरूर आईं, लेकिन शिक्षा के प्रति साथियों के उत्साह और संकल्प में कोई कमी नहीं आई। व्यास जी, दिलीप जी और अजय जी के गीतों तथा जोशीले नारों से गांव की सड़कें और गलियां गूंज उठीं। इस अवसर पर अबधेश बाबू ने ग्रामीणों के बीच अपने विचार साझा किए।
बच्चों की शिक्षा, अभिभावकों की जिम्मेदारी और बेहतर भविष्य के निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर हुई चर्चा को ग्रामीणों ने काफी सराहा। शिक्षा जागरूकता की यह छोटी-सी पहल किसी बच्चे के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। बुद्धिजीवियों का उद्देश्य केवल प्रभातफेरी निकालना नहीं, बल्कि हर घर में शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना, अभिभावकों को प्रेरित करना और बच्चों को पढ़ने तथा जीवन में आगे बढ़ने का अवसर दिलाना है।
भईया जी की रिपोर्ट

