नवादा : जिल के नगर परिषद क्षेत्र के गोनावां मोती बिगहा सूर्य मंदिर के समीप स्थित छठ घाट की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इसको लेकर दर्जनों ग्रामीण सदर अंचल कार्यालय पहुंचे और सीओ गरिमा गीतिका से मिलकर जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश को आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप करने और कार्रवाई की गुहार लगायी है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग जबरन बाउंड्रीवाल का निर्माण कर वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में आ रही जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस जमीन पर छठ महापर्व के दौरान मोती बिगहा, गौखर, लोहानी बिगहा, गोनावां, शिवनगर और जंगल बेलदारी समेत आसपास के गांवों के श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। यहां धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित होते रहे हैं।
दोनों पक्षों की बात सुन सीओ ने लगायी रोक
अंचल कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने सीओ के समक्ष अपनी शिकायत रखी। इस दौरान सीओ गरिमा गीतिका ने दोनों पक्षों की बात सुनी और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच का आदेश दिया। उन्होंने जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। सीओ ने बताया कि अगले दो दिनों तक जमीन से जुड़े सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जायेगी। कागजातों की वैधता सुनिश्चित होने के बाद ही आगे निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति दी जायेगी।
छठ पूजा और सार्वजनिक आयोजनों पर असर की आशंका
ग्रामीणों ने आशंका जतायी है कि जमीन पर कब्जा होने से छठ पूजा समेत अन्य सार्वजनिक आयोजनों में परेशानी होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जमीन की स्थिति स्पष्ट करने और सार्वजनिक उपयोग को सुरक्षित रखने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि एसपी, सदर एसडीओ और नगर थानाध्यक्ष को दी गयी है।

भईया जी की रिपोर्ट
