-लोकगीत और लोकनृत्य में जीते प्रथम पुरस्कार
नवादा : जिला स्तरीय युवा उत्सव में आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, नवादा के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए समूह लोकगीत गायन और समूह लोकनृत्य, दोनों विधाओं में प्रथम पुरस्कार हासिल किया। बच्चों की इस उपलब्धि से कला और संस्कृति के क्षेत्र में नवादा की प्रतिभा एक बार फिर सामने आयी है।
प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि प्रतिभागियों ने मंच पर स्वयं गायन, वादन और नृत्य के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। मेहनत, अभ्यास और सामूहिक तालमेल के दम पर उन्होंने निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया और दोनों विधाओं में पहला स्थान प्राप्त किया।
समूह लोकगीत गायन में शिवव्रती कुमारी, फुला कुमारी, मोनू कुमार और कर्मवीर कुमार ने अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। इस विधा में शिक्षिका रीना कुमारी के मार्गदर्शन में बच्चों ने गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, संगत कलाकारों और वादन में दयानंद राज, राम कुमार और निवास कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। वादन शिक्षक बिट्टू कुमार ने बच्चों को प्रशिक्षण दिया।
समूह लोकनृत्य प्रतियोगिता में आरुषि राज, रिया कुमारी और अम्पी कुमारी ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। इन प्रतिभागियों को नृत्य शिक्षक कुंदन कुमार ने प्रशिक्षित किया। बच्चों की प्रस्तुति में लोकसंस्कृति, लय, ताल और सामूहिक समन्वय की सुंदर झलक देखने को मिली।
आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र की इस सफलता के पीछे प्रशिक्षकों की निरंतर मेहनत और समर्पण है। गायन के क्षेत्र में रीना कुमारी एवं संजीत कुमार, वादन में बिट्टू कुमार तथा नृत्य में कुंदन कुमार बच्चों को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा निखारने का काम कर रहे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट