नवादा : नगर थाना क्षेत्र के के मूसन बिगहा गांव के पास सकरी नदी में अवैध बालू खनन और परिवहन की सूचना पर खनन विभाग ने नगर थाना पुलिस के साथ छापेमारी की। टीम ने बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए, जबकि खननकर्ता भाग निकले। ट्रैक्टर छुड़ाने की कोशिश करने वाले कारू यादव पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दोनों वाहनों पर कुल 2,03,680 रुपये जुर्माना लगाया गया।

अवैध खनन व परिवहन को लेकर खनन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खनन विभाग की टीम ने नगर थाने की पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी कर बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। घटना सकरी नदी के समीप स्थित मूसन बिगहा गांव की है। खनन विभाग की टीम सकरी नदी में व्यापक रूप से अवैध खनन, परिवहन व भंडारण करने की मिली सूचना पर पहुंची थी।
पुलिस टीम को देखकर अवैध रूप से ट्रैक्टरों पर नदी से बालू लोड कर रहे अवैध खननकर्ता ट्रैक्टरों को लेकर हाइड्रोलिक से बालू गिराते हुए भागने लगे। इस बीच पुलिस बल के साथ खनन टीम ने ट्रैक्टरों को लेकर भाग रहे अवैध खननकर्ताओं का पीछा किया। परंतु पुलिस से घिरता देखकर वे लोग ट्रैक्टरों को छोड़कर कूद कर भाग निकले। छापेमारी में खान निरीक्षक अंजनी कुमार व संतोष प्रकाश झा के अलावा नगर थाने के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे। छुड़ाने की कोशिश किया विफल
दोनों ट्रैक्टरों को जब्त करने के बाद खनन टीम चालक की मदद से लेकर नगर थाने आ रहे थे। इसी बीच उक्त स्थल पर कारू यादव नामक एक व्यक्ति लाठी लेकर पहुंचा और ट्रैक्टरों को छोड़ने के लिए दबाव बनाने लगा। इस बीच उक्त व्यक्ति द्वारा अंजाम भुगतने की धमकी दी गयी।

इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसबलों ने उसे पकड़ने की कोशिश की। परंतु वह भाग निकला। उसकी पहचान मूसन बिगहा के स्व. इंद्रदेव यादव के बेटे कारू यादव के रूप में की गयी। इस बीच दोनों ट्रैक्टरों को सुरक्षित लाकर नगर थाने में दिया गया। मामले में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में कारू यादव व दोनों ट्रैक्टरों के चालक व मालिकों को आरोपित किया गया। साथ ही दोनों वाहनों पर 02 लाख 03 हजार 680 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
भईया जी की रिपोर्ट

