नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवा उत्सव की तैयारियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन दिनांक 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को के0एल0एस0 कॉलेज, नवादा में किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य जिले के युवाओं की कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना है। युवा उत्सव के अंतर्गत चित्रकला, कविता लेखन, वक्तृता, समूह लोकगीत एवं समूह लोकनृत्य सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की आयु दिनांक 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा। इच्छुक प्रतिभागी जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, समाहरणालय, नवादा से ऑफलाइन माध्यम से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिले की आधिकारिक वेबसाइट nawada.nic.in से आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसे भरने के बाद [email protected] पर ई-मेल के माध्यम से जमा किया जा सकता है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को युवा उत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा संबंधित विभागों के बीच समुचित समन्वय स्थापित कर प्रतियोगिताओं का सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन की ओर से जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे जिला स्तरीय युवा उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा अपनी कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करें। बैठक में उप विकास आयुक्त, नवादा, गोपनीय शाखा प्रभारी, प्रभारी सूचना एवं जन-सम्पर्क पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, डीपीओ (शिक्षा) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट