नवादा : लोजपा जिला प्रवक्ता पाण्डेय अमरेन्द्र कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बिहार की वित्तीय स्थिति पर उठाए जा रहे सवालों को पूरी तरह भ्रामक, गैर-जिम्मेदाराना और संकीर्ण राजनीति से प्रेरित करार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था और वित्तीय सेहत पर गलत बयानबाजी कर विपक्ष केवल जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रहा है।
लोजपा प्रवक्ता ने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार का बजट आकार कई गुना बढ़ा है। राज्य ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए सड़क, पुल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया है। बिहार लगातार देश के सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों में शामिल रहा है। राज्य का राजकोषीय घाटा हमेशा ‘एफआरबीएम एक्ट’ की तय सीमाओं के भीतर रहा है, जो मजबूत वित्तीय प्रबंधन का प्रमाण है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एनडीए सरकार की प्राथमिकताओं के कारण ही आज राज्य में बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचा तैयार हो रहा है और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव को सलाह देते हुए कहा कि वित्तीय स्थिति पर अनर्गल आरोप लगाने के बजाय विपक्ष को कैग की रिपोर्ट और बिहार के आर्थिक सर्वेक्षण का अध्ययन करना चाहिए,साथ ही राज्य के विकास और वित्तीय साख पर राजनीति करने के बजाय विपक्ष को रचनात्मक सुझाव देने चाहिए।
भईया जी की रिपोर्ट