नवादा : उप विकास आयुक्त श्री शम्भू शरण पांडेय ने नगर के ऐतिहासिक गांधी इंटर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन की व्यवस्था, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा छात्रों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण का जायजा लिया। उप विकास आयुक्त द्वारा विद्यालय के विभिन्न वर्ग-कक्षों का निरीक्षण करते हुए छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया गया तथा पठन-पाठन से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई।

उन्होंने विद्यार्थियों से उनके विषयवार अध्ययन, कक्षा में होने वाले शिक्षण कार्य तथा पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों से संवाद के क्रम में उन्होंने नियमित रूप से विद्यालय आने तथा शिक्षकों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ भी शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि कक्षा में पठन-पाठन को अधिक प्रभावी, रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर एवं अनुशासित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही विद्यालय परिसर, कार्यालय कक्ष एवं सभी वर्ग-कक्षों में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उप विकास आयुक्त ने विद्यालय की समग्र व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण करने तथा विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में प्रधानाध्यापक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
भईया जी की रिपोर्ट

