अरवल – उप विकास आयुक्त, अरवल शैलेश कुमार द्वारा भदासी में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित स्थल की वर्तमान स्थिति, भूमि की उपलब्धता तथा पंचायत सरकार भवन के निर्माण की दृष्टि से स्थल की उपयुक्तता का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से भूमि एवं प्रस्तावित निर्माण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा उपलब्ध अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी ली।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु निर्धारित मानकों एवं प्रावधानों के अनुरूप भूमि से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच एवं प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य से संबंधित अग्रेतर कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जा सके। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना है।
इसके माध्यम से पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन को स्थानीय स्तर पर ही विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होगी।निरीक्षण के क्रम में स्थल एवं भूमि से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को भूमि से जुड़े आवश्यक अभिलेखों की जांच करते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
