नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र से लापता नाबालिग युवती को पुलिस ने मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर न्यायिक हिरासत भेज दिया। पुलिस की यह कार्रवाई महज तीन दिनों के भीतर पूरी की गई, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। नाबालिग युवती को जमुई जिले के एक युवक से प्रेम था। युवक कुछ समय से रजौली में रह रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवक पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर युवती को बहला-फुसलाकर बिहार से बाहर ले गया।
नाबालिग के गायब होने के बाद परिजनों ने तलाशा
युवती के अचानक घर से गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार के निर्देशन में एसआई स्नेहा कुमारी द्वारा की गई।
तीन दिन में मुंबई पहुंची पुलिस टीम
एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस तकनीकी जांच में जुट गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवती के मुंबई में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम मुंबई के लिए रवाना हुई। तीन दिनों की लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने शुक्रवार को मुंबई से नाबालिग युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान आरोपी युवक को भी हिरासत में लिया और दोनों को लेकर टीम वापस रजौली पहुंची।
कोर्ट में दर्ज हुआ बयान, आरोपी भेजा गया न्यायिक हिरासत में
नाबालिग युवती का बयान न्यायालय में दर्ज कराया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई अजय कुमार ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर हिरासत में लिए गए युवक संतोष कुमार को न्यायिक हिरासत में दिया गया। आरोपी युवक जमुई जिले के जगदीश चौधरी का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर नजर रखी जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट