-इंटरनेशनल रिसर्च ओलंपियाड में भारत को दिलाई रैंक-1
नवादा : जिले के नवादा नगर परिषद क्षेत्र मोतिबिघा-गोनावां के मूल निवासी और वर्तमान में मध्य प्रदेश के विदिशा स्थित स्प्रिंगफील्ड वर्ल्ड स्कूल के कक्षा 9 वीं के छात्र दिव्यांशु राय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए इंटरनेशनल रिसर्च प्रोजेक्ट ओलंपियाड 2026 के ग्रैंड फिनाले में अपना स्थान पक्का कर लिया है उनकी इस उपलब्धि से जिले सहित पूरे बिहार में खुशी और गर्व का माहौल है। इंडोनेशिया साइंटिफिक सोसाइटी द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों के युवा शोधकर्ता भाग लेते हैं। भारत से चयनित पांच टीमों में दिव्यांशु की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए इंडिया रैंक-1 हासिल की है।
किसानों के लिए बनाया एआई प्रोजेक्ट, अब करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
इसके साथ ही उनका प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में भारत का सर्वोच्च रैंक प्राप्त करने वाला शोध प्रोजेक्ट बन गया है। दिव्यांशु का शोध प्रोजेक्ट जीवनक्रेट एआई फॉर फार्मर्स कृषि क्षेत्र से जुड़ी एक अभिनव पहल है। यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रणाली फसल कटाई के बाद होने वाली खाद्य बर्बादी को कम करने के उद्देश्य से विकसित की गई है। इसमें स्मार्ट मॉनिटरिंग और प्रेडिक्टिव एनालिसिस तकनीक का उपयोग कर किसानों को उत्पादों की ताजगी, शेल्फ लाइफ और भंडारण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।
दिव्यांशु के पिता रमेश कुमार रामू, जो छड़ और सीमेंट के व्यवसायी हैं, तथा माता रेखा कुमारी, गृहिणी हैं उन्होंने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार और देश के लिए गर्व का क्षण है। दिव्यांशु 22 जुलाई को इंडोनेशिया रवाना होंगे, जहां वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी नवाचारी सोच और शोध क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत का कार्य करेगा।
भईया जी की रिपोर्ट