नवादा : जिले के गया-रजौली एसएच-70 पर सिरदला थाना क्षेत्र के नवाबगंज मोड़ स्थित हाजीपुर देवी मंदिर के समीप हुये सड़क हादसे में वृद्ध सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बीच सड़क पर दूर जा गिरे, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी ने मसीहा बनकर दोनों की जान बचाई।
FCI गोदाम मैनेजर की बाइक से हुई भिड़ंत
भारतीय खाद्य निगम (FCI) गोदाम के मैनेजर शुभम कुमार अपनी बाइक से सिरदला प्रखंड कार्यालय से रजौली की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हाजीपुर देवी मंदिर के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रहे साइकिल सवार वृद्ध से उनकी सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार मैनेजर और साइकिल सवार वृद्ध दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
अफसर ने दिखाया बड़ा दिल
बीपीआरओ पुरुषोत्तम कुमार ने खुद कराई अस्पताल भेजने की व्यवस्था दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे सिरदला के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO) पुरुषोत्तम कुमार ने तत्परता दिखाई। उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और एक जिम्मेदार अधिकारी व इंसान होने का परिचय देते हुए तुरंत दोनों घायलों को उठाकर अस्पताल पहुंचाने की पुख्ता व्यवस्था कराई। उनके इस कदम की स्थानीय लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
अस्पताल पहुंचने पर घायल वृद्ध की पहचान सिरदला पंचायत फुलवरिया गांव निवासी रामचंद्र चौधरी के रूप में हुई । स्थानीय लोगों ने बताया कि रामचंद्र चौधरी साइकिल से गांव-गांव घूमकर कपड़ा बेचने का (फेरी का) काम करते हैं और बेहद गरीब हैं। हादसे में चोटिल एफसीआई मैनेजर शुभम कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य होने पर डॉक्टरों ने घर भेज दिया।
तेज रफ्तार गाड़ियों पर लगाम लगाने की मांग, जांच में जुटी पुलिस
सिरदला थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल ने मौके का मुआयना किया। मामले की जांच की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट