– वणगंगा चौक पर छापेमारी, बिना कागजात बालू ढोते पकड़े गये वाहन
नवादा : जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नारदीगंज थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बालू लदे 10 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। हालांकि, इस सख्ती के बीच शहर के कुछ अन्य मार्गों पर माफियाओं का बेखौफ परिचालन अब भी प्रशासन के लिए चुनौती बना है। नारदीगंज पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर वणगंगा चौक के पास घेराबंदी की।
इस दौरान अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे 10 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। नारदीगंज थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि पकड़े गये किसी भी वाहन के पास वैध कागजात नहीं थे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध बालू कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और जब्त वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
टीओपी के सामने से गुजर रहे बालू लदे ट्रैक्टर
एक ओर जहां नारदीगंज में बड़ी कार्रवाई हुई, वहीं शहर के ननौरा रोड पर स्थिति इसके उलट है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ननौरा रोड पर प्रतिदिन सुबह चार से सात बजे के बीच बालू लदे ट्रैक्टरों की खुलेआम आवाजाही होती है। चौंकाने वाली बात यह है कि मिर्जापुर सूर्य मंदिर के पास अवैध परिवहन पर रोक के लिए टीओपी (पुलिस चौकी) स्थापित है, फिर भी माफिया इसी मार्ग का उपयोग बेखौफ होकर कर रहे हैं।
राजस्व को नुकसान, नागरिकों में रोष
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नारदीगंज की तर्ज पर शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में नियमित छापेमारी की जाए। लोगों का कहना है कि यह अवैध कारोबार न केवल सरकारी राजस्व को चूना लगा रहा है, बल्कि भारी वाहनों के कारण सड़कों की स्थिति जर्जर हो रही है। नागरिकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए माफियाओं के विरुद्ध कठोर कदम उठाने की अपील की है।
भईया जी की रिपोर्ट