नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दोसुत गांव स्थित हाई स्कूल के समीप 29 अक्टूबर को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गई। मृतक की पहचान दोसुत गांव निवासी स्व. रंजीत सिंह उर्फ हरेराम सिंह के छोटे पुत्र 28 वर्षीय वरुण कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

खेत जाने के दौरान अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
बताया जाता है कि 29 अक्टूबर को वरुण कुमार पैदल अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें विम्स, पावापुरी में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह उनकी मौत हो गई।
शव रखकर सड़क जाम, कार्रवाई की मांग
युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बाघी बरडीहा-पकरीबरावां मुख्य पथ पर रखकर जाम कर दिया। ग्रामीण दोषी वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम
घटना की सूचना मिलते ही वारिसलीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष अखिलेश्वर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार में छाया मातम
बताया गया कि वरुण तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पीछे एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भईया जी की रिपोर्ट

