-पल्स पोलियो अभियान को ले टास्क फोर्स का गठन
नवादा : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन को ले जिले के अकबरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बैठक आयोजित की गई। प्रखंड प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीसीएम, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, चिकित्सा पदाधिकारी, नोडल चिकित्सा पदाधिकारी एवं सभी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स (बीएलटीएफ) का विधिवत गठन किया गया।
28 जून से चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान
बैठक में आगामी 28 जून से शुरू होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अभियान के पहले दिन क्षेत्र के विभिन्न पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद लगातार पांच दिनों तक स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाने का कार्य करेंगी। बैठक में माइक्रोप्लान तैयार करने, टीम गठन, कर्मियों के प्रशिक्षण, वैक्सीन प्रबंधन और ट्रांजिट टीमों की तैनाती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समन्वय बनाकर अभियान सफल करने की अपील
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, जीविका समूह, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही आमजन से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलायें।
भईया जी की रिपोर्ट