छत्तीसगढ़ की तेजतर्रार महिला IPS अफसर अंकिता शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो नीली साड़ी में दनादन AK-47 से गोलियां दागती नजर आ रही हैं। इस वीडियो में उन्हें दशहरा के मौके पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा के बाद एके-47 चलाते हुए देखा जा सकता है। आईपीएस अंकिता शर्मा इस दौरान साड़ी में नजर आ रही हैं। शस्त्र पूजन के बाद वो एके-47 उठाकर हवा में एक—एक कर नौ राउंड फायर करती हैं। उनके इस वीडियो ने जहां आईपीएस अफसर की लेडी सिंघम वाली इमेज को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू कर दी है, वहीं इस वीडियो को देखकर पूर्व ले. जनरल केजेएस ढिल्लन भड़क गए हैं। जनरल ने इसे सुरक्षा मानकों के एकदम खिलाफ बताया है। अंकिता शर्मा का नाम तेजतर्रार आईपीएस अधिकारियों में शामिल है। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके में उनके काम ने उन्हें नई पहचान दिलाई है और उनके बहादुरी के किस्से काफी मशहूर हैं।

जानिए कौन हैं IPS अंकिता शर्मा
IPS अंकिता शर्मा छत्तीसगढ़ के ही दुर्ग जिले से आती हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से ही की की और वे बचपन से ही हमेंश अपने स्कूल की टॉपर रहीं हैं। उन्होंने 10वीं और 12वीं में 90 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने ग्रेजुएशन किया और फिर एमबीए में दाखिला ले लिया। लेकिन चूंकि उनका सपना यूपीएससी क्रैक करने का था, इसी कारण अपनी एमबीए की पढ़ाई अंकिता शर्मा ने बीच में ही छोड़ दी और यूपीएससी की तैयारी करने लगीं। यूपीएससी में अंकिता शर्मा को अपने पहले दो अटेंप्ट में सफलता नहीं मिली। पहले अटेंप्ट वो मेन्स तक भी नहीं पहुंच पाईं। जबकि दूसरे अटेंप्ट में वह सफलता से महज कुछ नंबरों से पीछे रह गईं। इसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने तीसरे अटेंप्ट में 203वीं रैंक हासिल की जिसके बाद उन्हें उनका होम कैडर छत्तीसगढ़ मिल गया।
नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन
छत्तीसगढ़ में ही पैदा होने के चलते अंकिता शर्मा को नक्सलियों की कार्यप्रणाली को लेकर अच्छी जानकारी थी। जब वो आईपीएस बनीं तो उन्होंने नक्सलियों की कमर तोड़ने के लिए कई शानदार ऑपरेशन किए। इस दौरान तमाम नक्सलियों को भी मार गिराया। उनकी इसी इमेज के चलते लोग उन्हें सोशल मीडिया पर लेडी सिंघम के नाम से बुलाने लगे। उन्हें भाटापारा में पहली पोस्टिंग मिली थी, इसके बाद रायपुर से लेकर खैरागढ़ और बस्तर इलाके में भी काम किया। फिलहाल वो राजनांदगांव में एसपी के पद पर तैनात हैं। आईपीएस अंकिता शर्मा ने दशहरे के मौके पर एके-47 पर हाथ आजमाया तो लोगों ने तरह-तरह के रिएक्शन दिए। कोई उन्हें छत्तीसगढ़ की शेरनी कह रहा है तो कोई ऐसे खुले में गोलीबारी करने को लेकर सवाल उठा रहा है।
