गया। छठ महापर्व के पावन अवसर पर पटना उच्च न्यायालय की माननीय न्यायमूर्ति श्रीमती सोनी श्रीवास्तव अपनी माता एवं पूर्व न्यायमूर्ति श्रीमती रेखा श्रीवास्तव के साथ गया जिले के बेलागंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम मेन स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल बाबा कोटेश्वर नाथ धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ बाबा कोटेश्वर नाथ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी त्रिपाठी बाबा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उन्हें विधिवत पूजा-अर्चना कराई। दर्शन-पूजन के पश्चात न्यायमूर्ति श्रीमती सोनी श्रीवास्तव ने मंदिर परिसर स्थित प्राचीन पीपल वृक्ष का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वृक्ष से जुड़े ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पौराणिक महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी एवं बिहार के पूर्व लोकायुक्त अध्यक्ष, पूर्व माननीय न्यायमूर्ति श्री श्याम किशोर शर्मा ने टेलीफोन के माध्यम से उनसे संवाद किया। उन्होंने बाबा कोटेश्वर नाथ धाम के गौरवशाली इतिहास, प्राचीन धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक महत्ता से उन्हें अवगत कराया।
पटना उच्च न्यायालय की वर्तमान न्यायमूर्ति एवं उनकी माता पूर्व न्यायमूर्ति का बाबा कोटेश्वर नाथ धाम आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव एवं हर्ष का विषय रहा। उनके आगमन से इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल की महत्ता को नई पहचान मिलने के साथ ही क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रोत्साहन मिला। उल्लेखनीय है कि बाबा कोटेश्वर नाथ धाम बिहार की प्राचीन धार्मिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों में विशिष्ट स्थान रखता है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। इस अवसर पर स्थानीय निवासी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दीपक कुमार की रिपोर्ट