भ्रष्टाचार पर तगड़ा प्रहार करते हुए आज मंगलवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई EOU की टीम ने किशनगंज की DEO रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के कई ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। EOU की अलग—अलग टीमों ने कटिहार और किशनगंज में उनके ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। जांच में दंपती की ज्ञात आय से करीब 87.49 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। इस संबंध में किशनगंज DEO रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार दंपती पर करीब 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। बताया गया कि कटिहार और किशनगंज में उनके चार ठिकानों पर तलाशी चल रही है।
रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच में उनकी ज्ञात आय से 2 करोड़ 45 लाख 84 हजार रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 87.49 फीसदी अधिक बताई गई है। EOU ने रूबी कुमारी और उनके पति के खिलाफ निगरानी की विशेष अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई शुरू की। हालांकि यह शुरुआती जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर लगाए गए आरोप हैं। मामले में आगे की जांच के बाद ही संपत्ति और आय से जुड़े तथ्यों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
ईओयू की टीम कटिहार में ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित रूबी कुमारी के पैतृक मकान और उनके निजी अपार्टमेंट या मकान की तलाशी ले रही है। इसके अलावा किशनगंज स्थित रूबी कुमारी के सरकारी कार्यालय और लाइनपारा मोहल्ले में किराये के आवास पर भी छापेमारी की जा रही है। रूबी कुमारी पहले कटिहार में भी शिक्षा विभाग की कार्यक्रम पदाधिकारी रह चुकी हैं और यही वजह है कि कटिहार स्थित उनके पुराने ठिकाने भी जांच के दायरे में हैं। EOU की टीम संबंधित दस्तावेजों, संपत्ति के रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय साक्ष्यों की जांच और तलाशी के दौरान मिले तथ्यों की पड़ताल कर रही है। हालांकि अभी तक बरामद नकदी, आभूषण या संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है। ईओयू ने कहा है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
