बिहार में आर्थिक अपराध इकाई EOU ने आज शुक्रवार को राज्य में कई जगहों पर संगठित अपराध और इससे अर्जित काली कमाई करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इसमें सबसे बड़ी कार्रवाई औरंगाबाद के दाउदनगर में की जा रही है जहां एक ठेकेदार के आवास पर छापा मारा गया। ईओयू के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो के अनुसार अपराध के माध्यम से अर्जित धन को लेकर यह छापेमारी शुरू की गई है। इस कार्रवाई के तहत इओयू की अलग अलग टीमें विभिन्न जगहों पर कार्रवाई में जुटी हैं। बताया गया कि औरंगाबाद के दाउदनगर प्रखंड के शमशेरनगर गांव में आज शुक्रवार की सुबह EOU की टीम ने लोकल पुलिस बल के साथ एक ठेकेदार के पैतृक आवास पर रेड डाली। सुबह करीब पौने नौ बजे टीम के गांव में पहुंचते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
औरंगाबाद में ठेकेदार के घर छापेमारी
जानकारी के अनुसार दाउदनगर के शमशेरनगर गांव में यह कार्रवाई ठेकेदार सुधीर कुमार पांडेय के पैतृक मकान पर की जा रही है। बताया जाता है कि सुधीर पांडेय पिछले कई वर्षों से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में रहकर ठेकेदारी का काम करते हैं। उनका परिवार भी अधिकतर समय वहीं रहता है, लेकिन शमशेरनगर में उनका पैतृक घर है, जहां समय-समय पर इनलोगों का आना-जाना लगा रहता है। गांव के लोगों ने बताया कि ईओयू की टीम लगातार वहां दस्तावेजों की जांच कर रही है। छापेमारी किस मामले को लेकर की जा रही है और जांच के दौरान क्या कुछ बरामद हुआ है, EOU की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा मामला बता रहे हैं, तो कुछ इसे किसी पुराने ठेका मामले से जोड़कर देख रहे हैं।
घर को पुलिस ने घेरा, मजिस्ट्रेट भी साथ
EOU की टीम के पहुंचते ही घर के चारों ओर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घर के बाहर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस जवानों ने पूरे परिसर को अपने घेरे में ले लिया, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो। जांच के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया की प्रशासनिक निगरानी के लिए दो मजिस्ट्रेटों को भी मौके पर प्रतिनियुक्त किया गया है। इनमें दाउदनगर के अंचलाधिकारी सतीश कुमार सिंह और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रिशु राज शामिल हैं। दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में EOU के अधिकारी घर के अंदर एक-एक कमरे की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं।