सुप्रीम कोर्ट द्वारा बिना किसी सदन के सदस्य निर्वाचित हुए मंत्री पद पर बने रहने के लिए दीपक प्रकाश पर बिहार सरकार से सवाल पूछने के बाद अब NDA के भीतर उनका मंत्री पद बचाने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। खबर है कि विधान परिषद सदस्य (MLC) देवेश कुमार अपने पद से इस्तीफा देंगे और उनकी खाली हुई सीट से दीपक प्रकाश को विधान परिषद का चुनाव लड़वाकर उनका मंत्री पद बचाया जाएगा। बताया जा रहा है कि आज शुक्रवार शाम 4 बजे के बाद देवेश कुमार विधान परिषद के सभापति से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे।
सूत्रों का कहना है कि देवेश कुमार अपनी एमएलसी सीट दीपक प्रकाश के लिए खाली कर रहे हैं। इसके बाद दीपक प्रकाश को विधान परिषद का चुनाव लड़ाया जा सकता है। इससे उनके मंत्री पद पर बना संवैधानिक संकट काफी हद तक खत्म हो जाएगा। उधर सुप्रीम कोर्ट से अपने मंत्री पद पर बने रहने को लेकर बिहार सरकार से पूछे गए सवाल पर दीपक प्रकाश ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट को अपना जवाब देगी। जो संवैधानिक प्रावधान है प्रावधान के अनुसार ही कार्रवाई होगी। दीपक प्रकाश ने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का कोई जजमेंट नहीं आया है।
वहीं आरजेडी द्वारा इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा मांगने पर दीपक प्रकाश ने कहा कि जो कुछ भी है, संविधान के प्रावधानों के हिसाब से है। मेरा भविष्य राष्ट्रीय जनता दल के नेता नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट तय करेगी। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि संविधान में तो 6 महीना का प्रावधान है और आप 8 महीने से मंत्री हैं। इसपर दीपक प्रकाश ने कहा कि एनडीए के तमाम नेता के आशीर्वाद से मैं पद पर हूं, सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार जवाब देगी।