बेतिया के सेंको ज्वेलर्स से करीब 15 से 18 करोड़ रुपये के आभूषण लूटकांड मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात में शामिल आठ अपराधियों में से छह की पहचान कर के चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों ने इस बड़ी लूट की पूरी प्लानिंग पहले से कर रखी थी। इसी की मंशा से सभी अपराधी 17 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे ही बेतिया पहुंच कर अपनी कार बेतिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में लगाकर अगले दिन सुबह से ही ज्वेलरी शोरूम और आसपास के इलाकों की रेकी शुरू कर दी थी।
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने दिनदहाड़े करीब 12:30 बजे सेंको ज्वेलर्स शोरूम में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। और लूटे गए आभूषण के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां पहले से खड़ी अपनी कार में गहने रखकर सभी अपराधी बाइक से अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। जिसके बाद लूट की रकम को लेकर शोरूम मालिक बृजेश कुशवाहा ने करीब 15 से 18 करोड़ रुपये के आभूषण गायब होने की बात बताई। उन्होंने बताया कि रात करीब 2 बजे तक गहनों की गिनती और वजन करने का काम चला। इसके बाद लूटे गए आभूषणों की कीमत का आकलन किया गया।
पुलिस के अनुसार, इस लूटकांड में कुल आठ अपराधी शामिल थे। छह की पहचान कर के चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय के अनुसार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की जा चुकी है। कुछ अपराधियों की पहचान भी की गई है और मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक से दो दिनों के भीतर पूरे लूटकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।