बांकीपुर में वोटों की गिनती के साथ ही प्रशांत किशोर की स्पीड बढ़ती जा रही है। रुझान में जन सुराज के प्रशांत किशोर भाजपा समेत सभी प्रत्याशियों से काफी आगे चल रहे हैं और जल्द ही वे 10 हजार वोटों से ज्यादा की बढ़त पर पहुंचने वाले हैं। 10वें राउंड की गिनती के बाद जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने बीजेपी के नीरज सिन्हा पर 6 हजार से अधिक मतों से बढ़त बना ली है। जबकि राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता इन दोनों से काफी पीछे चल रही हैं। वोटों की गिनती के 9वें चरण में प्रशांत किशोर को 17856, नीरज कुमार को 12584 रेखा गुप्ता को 3449 वोट मिले हैं। 9वें राउंड तक प्रशांत किशोर की बढ़त 5000 के पार होकर 5272 पहुंच गई थी जो अब 10 वें राउंड के बाद और ज्यादा बढ़कर 6 हजार के पार चली गई है। ताजा खबरों में बताया गया कि 11वं राउंड के बाद प्रशांत किशोर 7500 से अधिक मतों से आगे हो गए हैं लेकिन अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आज सुबह पटना के एएन कॉलेज में वोटों की गिनती शुरू हुई। जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी की है। मतगणना केंद्र पर अधिकृत लोगों के प्रवेश के लिए अलग-अलग व्यवस्थाओं के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की गई जिसमें पीके अपने बीजेपी प्रतिद्वंद्वी से 800 वोटों से आगे रहे। ईवीएम की गिनती के बाद सामने आए दूसरे रुझान में पीके ने 1156 वोटों की बढ़त बना ली। इस तरह जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ता गया प्रशांत किशोर की बढ़त मजबूत होती गई। पांचवें राउंड के बाद पीके 2300 से और 8वें राउंड के बाद 4700 से अधिक वोटों से आगे हो गए। बांकीपुर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सीट थी। उनके राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव हुआ जिसमें बीजेपी की ओर से नीरज सिन्हा तो जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर हैं। वहीं राजद से यहां रेखा गुप्ता मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला इन्हीं तीन उम्मीदवारों में होना है।