पटना के मनेर में आज धनतेरस के दिन तड़के साढ़े तीन बजे शेरपुर गंगा किनारे हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में शामिल 3 कुख्यात अपराधियों को मार गिराया। पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या नवरात्र के दौरान अष्टमी तिथि को कर दी गई थी। अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी घायल हो गए। मारे गए बदमाश पेशेवर शूटर थे और इनके गंगा किनारे शेरपुर इलाके में छिपे होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मनेर के शेरपुर गंगा घाट के पास आज तड़के करीब 20 मिनट तक फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के तीन आरोपियों को गोली लगी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां तीनों की मौत हो गई।

मुठभेड़ में मनेर एसएचओ को लगी गोली
एनकाउंटर के दौरान अपराधियों की गोली लगने से मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जाता है कि पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अपराधियों की ओर से की गई फायरिंग में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए तीनों अपराधी मनेर के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की हत्या में शामिल थे। उनकी पहचान सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा, जेपी यादव और सूरज कुमार के रूप में हुई है। तीनों मनेर थाना समेत कई अन्य थानों के वांटेड अपराधी थे।
एसडीपीओ के मुताबिक, पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की हत्या में बबलू कुमार उर्फ सूरज कुमार और एक अन्य आरोपी ने शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। पुलिस और अपराधियों के बीच करीब 20 मिनट तक मुठभेड़ चली। इस दौरान दोनों ओर से लगभग 30 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीनों अपराधियों को गोली लगी और बाद में उनकी मौत हो गई। तीनों पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहे थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। विदित हो कि मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव में 18 अक्टूबर 2026 की रात पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के वक्त वह प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी के पति पिंटू कुमार के साथ बैठे थे। तभी दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
