जदयू से निष्कासित बाहुबली विधायक अनंत सिंह आज पटना से प्रयागराज के लिए रवाना हुए। वे प्रयागराज में अपने मुसलमान मित्र पप्पू सलमान के बेटे की शादी के बाद हो रहे वलीमा समारोह में शामिल होंगे। बिहटा, आरा, बक्सर होते हुए अनंत सिंह का काफिला दोपहर के बाद मोहनिया पहुंचा जहां से वे उत्तर प्रदेश की सीमा में चंदौली में भाजपा विधायक सुशील सिंह के घर पर थोड़ी देर रुकेंगे। इसके बाद वो वाराणसी शहर में बीएचयू जाकर मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसी बीच आज उनका एक बयान भी सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि वे अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण पत्र राजद सुप्रीमो लालू यादव के घर जाकर उन्हें भी देंगे।

वहीं अनंत सिंह से जब विधानसभा से 7 दिनों के अंदर सदस्यता समाप्त करने को लेकर उनसे मांगे गए जवाब के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि—’जवाब मैं शादी के बाद दूंगा, पहले अपना काम करूंगा, उसमें कोई दिक्कत नहीं है’। अनंत सिंह ने कहा कि मैं अपनी बेटी के शादी का निमंत्रण कार्ड देने के लिए लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव और सबके यहां जाऊंगा।
वहीं प्रयागराज में अपने मित्र के घर शादी समारोह में शामिल होने जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि पुरानी दोस्ती है, घरेलू संबंध है। इसलिए मैं उनके घर पर शादी में जा रहा हूं, मेरा आदमी सिर्फ बिहार में नहीं है, पूरे देशभर में आदमी है।
तेजस्वी यादव द्वारा बाढ़ पीड़ितों को अभी तक कोई मुआवजा नहीं दिये जाने के बयान पर भी अनंत सिंह ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है, आने पर मैं इस पर कुछ बताऊंगा। वहीं कोर्ट से कुछ दिनों की अपनी सरेंडर अवधि विस्तार के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का समय ही मिला था। गलत जानकारी मीडिया में चलाई गई थी।गौरतलब है कि जेडीयू से निष्कासन के बाद अनंत सिंह को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह RJD में जा सकते हैं। इन्हीं अटकलों को लेकर हाल ही में तेजस्वी यादव का बयान सामने आया था। तेजस्वी यादव ने कहा था कि अनंत सिंह को पार्टी में वापस लेने के लिए RJD की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं है।
