नवादा : वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र के शाहपुर पंचायत की बाली गांव में आयोजित बाली दौड़ प्रतियोगिता 2026 का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने अलग-अलग दूरी की दौड़ में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, कप एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में महरथ की काजल कुमारी ने प्रथम, सगमा की सिवानी कुमारी ने द्वितीय तथा शेखोपुर की मुस्कान कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में लोदीपुर के नीतीश यादव ने बाजी मारी। शाहपुर बाली ग्राउंड के छोटी सिंह दूसरे तथा मालदेव बाबा के पिंटू कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
1600 मीटर दौड़ में निमी के पान सिंह तोमर ने प्रथम, सगमा के अभिनंदन कुमार ने द्वितीय तथा हिरनबीघा के मोहन यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर दौड़ में सगमा के अभिनंदन कुमार प्रथम, कोरमा के बिट्टू कुमार द्वितीय तथा साम्बे के निशांत कुमार तृतीय रहे। इसी तरह 100 मीटर दौड़ में मंजौर के परमानंद कुमार ने प्रथम, शेखोपुर सराय के शिवम कुमार ने द्वितीय तथा कोरमा के कन्हैया कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में शाहपुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, राहुल कुमार, आयोजक शशि वर्मा एवं प्रवीण कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल, कप और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सराहनीय पहल है। इससे युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी अपनी प्रतिभा दिखानी चाहिए। प्रतियोगिता का आयोजन युवा समाजसेवी शशि वर्मा के नेतृत्व में किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के सदस्य रामजन्म, सन्नी, पवन झा, गौरव, मनमोहन, छोटी, नीतीश और मनखुश सहित अन्य युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। बाली गांव के ग्रामीणों ने आयोजन में भरपूर सहयोग किया। ग्रामीणों की देखरेख और सहयोग से पूरी प्रतियोगिता शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। आयोजक शशि वर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए ग्रामीणों, युवाओं, आयोजन समिति और प्रशासनिक टीम के प्रति आभार जताया।
भईया जी की रिपोर्ट