पूर्व सांसद आनंद मोहन और मोकामा विधायक अनंत सिंह से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद बिहार में सियासी बयानबाजी चरम पर है। आरजेडी ने इन दोनों ही नेताओं की जेल वापसी के आदेश पर तंज कसते हुए कहा है कि गलत करने का फल तो मिलेगा ही। राजद विधायक भाई वीरेंद्र और लालू के चहेते MLC सुनील सिंह ने इन दोनों बाहुबलियों के मामलों का हवाला देते हुए बिहार सरकार पर भी निशाना साधा। RJD नेताओं ने बिहार विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट के दौरान इन दोनों ही बाहुबली नेताओं के उस ‘धोखे’ को भी याद किया, जब अनंत सिंह की पत्नी और आनंद मोहन के बेटे ने RJD का साथ छोड़कर NDA का समर्थन किया था। RJD नेताओं ने कहा कि गलत काम करने वालों को आखिरकार अपने किए का नतीजा भुगतना ही पड़ता है।
बाहुबलियों को तवज्जो देने से फैलेगी अराजकता
मीडिया ने जब RJD विधायक भाई वीरेंद्र से अनंत सिंह और आनंद मोहन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह एक न्यायिक मामला है और सुप्रीम कोर्ट के मामलों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। वहीं बाहुबलियों पर कोर्ट के सख्त रुख से जुड़े सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि मीडिया अक्सर सामाजिक कार्यकर्ताओं या आम राजनीतिक नेताओं की तुलना में बाहुबलियों और अपराधियों को ज्यादा तवज्जो देता है। भाई वीरेंद्र के अनुसार अगर अपराधियों और बाहुबलियों को बढ़ावा दिया जाएगा तो देश में अराजकता फैलेगी और जब अराजकता फैलती है तो सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट को संज्ञान लेना ही पड़ता है। इसके बाद आनंद मोहन के बिहार दौरे और उनके बेटे चेतन आनंद द्वारा आयोजित बैठक के बारे में भाई वीरेंद्र ने कहा कि राजनीति से जुड़े लोगों को यात्रा करनी चाहिए और बैठकें करना अपने आप में एक सकारात्मक गतिविधि है। तेजस्वी यादव द्वारा फ्लोर टेस्ट के दौरान धोखा देने वालों को सजा मिलने के बयान पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि फ्लोर टेस्ट के समय महागठबंधन के पास बहुमत था। उस समय जो लोग RJD के टिकट पर चुनाव जीते, बाद में उन्होंने पार्टी को धोखा दिया। आज भगवान भी उन्हें अपने किए का फल दे रहे हैं। भाई वीरेंद्र ने कहा कि कुछ लोगों ने खुद भी दगाबाजी करने की बात स्वीकार भी की है और गलत करने का फल तो मिलता ही है। इसमें कोई शक नहीं कि ईश्वर है। इंसान जैसा बोता है, वैसा ही काटता है।
सरकार फंसाती भी है और बचाती भी है
उधर RJD MLC सुनील कुमार ने भी आनंद मोहन और अनंत सिंह के मामलों को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला और कहा कि बिहार में यह बात जगजाहिर है कि सरकार अपनी जरूरत के हिसाब से लोगों को फंसाती है या फिर उन्हें बचा लेती है। अनंत सिंह और आनंद मोहन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब सरकार को उनकी जरूरत थी, तब उन्हें जेल से बाहर निकाल लिया गया और काम निकल जाने के बाद उन्हें किनारे कर दिया गया। सुनील कुमार ने बताया कि राजनीतिक रूप से मुश्किल दौर में तेजस्वी यादव ने आनंद मोहन के परिवार को पार्टी टिकट देकर उनका साथ दिया था। RJD ने आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद और उनके बेटे चेतन आनंद को चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन फ्लोर टेस्ट के दौरान उन्होंने पार्टी का साथ नहीं दिया। RJD MLC ने आनंद मोहन पर बार-बार अपनी राजनीतिक निष्ठा बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि समय के साथ आनंद मोहन कभी JDU, कभी RJD और कभी अपनी पार्टी के साथ रहे हैं। आनंद मोहन ने अपने या अपने परिवार के राजनीतिक फायदे के लिए बार-बार राजनीतिक दल बदले हैं, जबकि उन्होंने अपने समुदाय के हितों पर कभी ध्यान नहीं दिया।