बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई का बिहार सरकार का फैसला रद करने के आदेश के बाद भाजपा और जदयू पर जबर्दस्त हमला बोला। आज गुरुवार को पटना से मुंबई जाते समय उन्होंने पत्रकारों से आनंद मोहन और अनंत सिंह के फिर से जेल जाने के अदालती आदेश पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नीतीश कुमार और भाजपा अपने फायदे के हिसाब से फैसला करते हैं। अगर फायदा है तो वे आनंद मोहन और अनंत सिंह जैसों को रिहा करा लेते हैं, और अगर इनके बाहर रहने से दोनों ही दलों को नुकसान होने लगता है तब वे उनको फिर अंदर करवा देते हैं। यानी नीतीश की जदयू और भाजपा समय के अनुसार अपने फायदे के हिसाब से ही फैसला लेते हैं।

राजनीतिक नफा-नुकसान के अनुसार फैसला
तेजस्वी यादव ने आनंद मोहन की आज सुप्रीम कोर्ट द्वारा रिहाई को रद करने के निर्णय पर साफ कहा कि जब नीतीश कुमार और भाजपा नेताओं को लगता है कि आनंद मोहन को जेल से बाहर आने पर उन्हें राजनीतिक फायदा हो सकता है, तो वो उन्हें जेल के बाहर निकालने में मदद करते हैं। लेकिन जब फायदा नहीं होता है, तो जेल के अंदर करवा देते हैं। यही नीतीश कुमार और भाजपा का काम करने का तरीका है। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने आनंद मोहन और अनंत सिंह की फिर से जेल वापसी पर तंज भी कसा। तेजस्वी ने कहा कि जिन लोगों ने विश्वास मत के समय हमारी पार्टी से गद्दारी की थी, उन्हें आज ऊपर वाले ने सजा दे दी।
मालूम हो कि आनंद मोहन को आज सुप्रीम कोर्ट ने एक महीने के भीतर फिर से सरेंडर करने का आदेश दिया है। आनंद मोहन को 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया हत्याकांड में उम्रकैद की सजा मिली थी। लेकिन 2023 में तत्कालीन नीतीश कुमार की सरकार ने जेल मैनुअल में संशोधन कर सजा पूरी होने से पहले ही आनंद मोहन को रिहा कर दिया था। बिहार सरकार के इसी फैसले को दिवंगत डीएम जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने चुनौती दी थी जिसपर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के आनंद मोहन को रिहा करने का फैसला पलट दिया। इसी तरह जदयू से निष्कासन के बाद अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से मिली जमानत भी सुप्रीम कोर्ट ने रद कर दी थी और उन्हें दिसंबर के पहले हफ्ते तक सरेंडर का आदेश दिया है।

