गोपालगंज DM जी कृष्णैया की 1994 में हुई मॉब लिंचिंग और हत्या के मामले में दोषी पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने बिहार की नीतीश कुमार सरकार द्वारा आनंद मोहन को समय से पहले रिहाई देने का फैसला पलट दिया है। अपने फैसले में सर्वोच्च अदालत ने कहा कि न्याय के लिए कानून और नैतिकता का पक्ष लेना जरूरी है। कोर्ट ने कहा कि इस मामले वह मूकदर्शक बनी नहीं रह सकती। इसके बाद सर्वोच्च अदालत ने एक महीने के भीतर आनंद मोहन को सरेंडर करने का आदेश दिया। दरअसल, आनंद मोहन को 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की भीड़ द्वारा हत्या किए जाने के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। लेकिन तत्कालीन नीतीश सरकार ने उन्हें समय से पहले रिहाई दे दी थी। उनकी इसी रिहाई के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया द्वारा चुनौती दी गई थी। इसी पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने यह आदेश दिया।
अपने निर्णय में कोर्ट ने क्या कहा, जानें
आनंद मोहन को अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने समय से पहले रिहा किया था। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार द्वारा आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई के फैसले को पलटते हुए कहा कि रिट क्षेत्राधिकार का इस्तेमाल करते हुए अदालत का दायित्व है कि वह इस मामले में सक्रिय रूप से न्याय सुनिश्चित करे। कोर्ट ने कहा कि न्यायिक समीक्षा केवल निगरानी की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है बल्कि मनमानी कार्रवाई के खिलाफ वैधानिकता, निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करने का सक्रिय माध्यम है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने इसके साथ ही जी कृष्णैया की विधवा को बिहार सरकार के फैसले को चुनौती देने वाली रिट याचिका दाखिल करने की भी इजाजत दी। कोर्ट ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा अप्रैल 2023 में प्रिजन मैन्युल में बदलाव का फैसला गैर संवैधानिक था। इस बदलाव के तहत किसी सरकारी अधिकारी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे शख्स को सजा में छूट का अधिकार मिल गया था। कोर्ट ने अब इसे ही गलत बताया है।
कोर्ट ने कहा कि सजा में छूट देने से पहले पीड़ित परिवार का पक्ष सुना जाना जरूरी है। इसके साथ ही कोर्ट ने यह कहते हुए आनंद मोहन को थोड़ी राहत भी दी कि गोपालगंज जिलाधिकारी हत्याकांड मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन की सजा में छूट की नई प्रक्रिया शुरू की जा सकती है, लेकिन यह तभी होगा, जब वह एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करेंगे। शीर्ष अदालत ने कहा कि बिहार सरकार पूर्व सांसद आनंद मोहन की सजा में छूट के लिए स्वतंत्र, लेकिन उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।