मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की रस्में आज शुक्रवार से शुरू हो गईं हैं। आज शिवांगी का तिलक चढ़ाया जाएगा जिसका समारोह पटना के सगुना मोड़ स्थित ऑरिगेनो रिसॉर्ट में आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को तिलक चढ़ाएंगे। खास बात यह है कि विधायक इस मौके पर दामाद को करीब 3 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार भी उपहार में प्रदान करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार आज बेटी का तिलक चढ़ाने के लिए अनंत सिंह दोपहर 2 बजे हजारों समर्थकों और परिजनों के साथ पैतृक गांव लदमा से पटना के लिए रवाना हुए। शाम 4 बजे तिलक चढ़ाने कन्या पक्ष के लोगों और अनंत सिंह के ऑरिगेनो रिसॉर्ट पहुंचने की खबर है। तिलक के बाद अनंत की बेटी की शादी 25 नवंबर को होनी तय है।

अमेरिका में नौकरी करते हैं दामाद
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार से हो रही है। ऋषिकेश मूल रूप से पटना जिले के बिहटा स्थित कृष्णानगर के रहने वाले हैं और फिलहाल उनका परिवार पटना के रामकृष्णानगर में रहता है। ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की है। इस समय वह अमेरिका में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई अहमदाबाद में हुई है जबकि उनकी छोटी बहन कोमल कुमारी भी अमेरिका में रहती हैं और पेशे से डॉक्टर हैं। अनंत सिंह के समधी और उनके दामाद ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह की बात करें तो वे CRPF में कमांडेंट रह चुके हैं। उन्होंने NDRF और NSG में भी सेवाएं दी हैं।
वर और कन्या पक्ष के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि यह शादी अरेंज मैरिज है। ऋषिकेश के पिता रणविजय कुमार सिंह के मुताबिक, उनके बेटे के लिए रिश्ता अनंत सिंह के परिवार की ओर से आया था। दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और आपसी सहमति के बाद शादी तय की गई। शादी से पहले ऋषिकेश अनंत सिंह से मिलने उनके आवास भी पहुंचे थे। ऋषिकेश का परिवार मूल रूप से बिहटा प्रखंड के घोड़ाटॉप गांव के रहने वाले हैं। शिवांगी के स्वागत के लिए बिहटा नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 स्थित कृष्णानगर में करीब दो कट्ठा जमीन पर चार मंजिला मकान तैयार कराया गया है। इसमें गृह प्रवेश की रस्म भी पूरी हो चुकी हैं। शादी के बाद शिवांगी कुछ समय अपने ससुराल में रहेंगी और इसके बाद वह पति के साथ अमेरिका जायेंगी।
