कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल का कल पीएम मोदी द्वारा किये जाने वाले उद्घाटन से ठीक पहले आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मिलने सात सर्कुलर रोड स्थित उनके आवास पहुंचे। पीएम मोदी कल इस नीतीश सेतु का लोकार्पण करेंगे। सूत्रों के अनुसार इसी समारोह पर चर्चा करने और इसमें शामिल होने के लिए निमंत्रण देने सीएम सम्राट पूर्व सीएम नीतीश के सरकारी आवास पहुंचे थे। नीतीश कुमार स्वयं दरवाजे पर खड़े होकर मुस्कुराते हुए गर्मजोशी से मुख्यमंत्री सम्राट का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस मौके पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद थे।
सीएम सम्राट ने नीतीश से की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को इस छह लेन पुल का लोकार्पण करेंगे। इसी समारोह में शामिल होने के लिए सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को निमंत्रण के साथ ही पूरे कार्यक्रम की जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार सुबह पटना एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की आगवानी में पहुंचेंगे और वे उद्घाटन समारोह में भी शामिल हो सकते हैं। नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट ने अपने एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
बताया जाता है कि नीतीश कुमार से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा 21 नवंबर को जनता को समर्पित किए जाने वाले नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।आज सीएम सम्राट चौधरी जब नीतीश कुमार के आवास पहुंचे तो पूर्व मुख्यमंत्री ने खुद आगे बढ़कर उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बन गई। बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद दोनों नेता कई मौकों पर साथ नजर आ चुके हैं। हालांकि इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य पुल के लोकार्पण समारोह के लिए नीतीश कुमार को आमंत्रित करना और कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करना था। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के लोकार्पण के साथ बिहार के सड़क संपर्क में एक अहम कड़ी जुड़ने जा रही है। गंगा पर बने इस पुल से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। पुल के लोकार्पण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।