बक्सर के राजपुर थानांतर्गत सोनपा गांव के समीप चौसा-मोहनिया NH-319A पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। सभी कार सवार यूपी के गाजीपुर से एक आई—20 गाड़ी में बिहार के कैमूर एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। मृतकों में दूल्हे के 4 दोस्त शामिल हैं। बताया जाता है कि बरातियों की कार की एक बाइक से टक्कर हो गई जिसमें बाइक सवार 3 युवकों की भी मौत हो गई। कुल 7 लोग इस भीषण सड़क हादसे में मारे गए जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जाते हैं। वहीं कार का चालक अब तक लापता है। दुर्घटनाग्रस्त कार में 6 लोग सवार थे, जबकि बाइक पर तीन युवक सवार थे। जान गंवाने वाले यूपी के कार सवारों में बादल कुमार, इरफान अंसारी, अरबाज अली और दिव्यांशु ठाकुर एक ही गांव भतौरा के रहने वाले थे। जबकि उसी गांव के छांगुर कुमार उर्फ सतेंद्र जो कार चला रहा था, उसका हादसे के बाद से कोई पता नहीं चल पाया है।

20 फीट उछली कार और पेड़ से भिड़ी
जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के 6 युवक कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित विशुनपुरा गांव में दोस्त की बारात में शामिल होने के लिए निकले थे। बीती रात 9 बजे जब उनकी कार बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र में NH-319A पर सोनपा गांव के पास पहुंची, तभी वहां के तीन युवक बाइक पर अपने घर से निकलकर महज 50 मीटर ही आगे बढ़े थे, अचानक कार से उनकी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी, जिसके चलते अचानक बाइक को देख चालक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठे अरुण का बायां पैर कटकर शरीर से अलग होकर दूर जा गिरा। वहीं बेकाबू कार करीब 20 फीट हवा में उछली, 5-6 बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे 10 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे को पार कर सीधे पेड़ से जा टकराई।
कार का दरवाजा तोड़ निकाले शव
स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि दिमाग हिल गया। पीछे मुड़कर देखा तो कार के भीतर से चीख-पुकार आ रही थी। चीख सुनकर ग्रामीण दौड़े और बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला। उधर सड़क पर बाइक सवार तीनों युवक खून से लथपथ छटपटा रहे थे। इस हादसे में कार सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार 3 समेत 4 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाइक सवार युवकों में शामिल अरुण कुमार भी गाजीपुर के उतरौली गांव का ही रहने वाला था। अरुण हादसे से महज एक दिन पहले ही सोनपा गांव निवासी अपने मामा हरेराम राजभर के घर घूमने आया था। बीती रात वह ननिहाल के दोस्त सौरी गांव निवासी शुभम कुमार और सिकरौल निवासी शिवम कुमार के साथ बाइक से महावीर स्थान की तरफ जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
