नवादा : संपत्ति विवाद में पारिवारिक रिश्तों में तनाव का मामला पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार से सामने आया है। बेटे ने अपने ही पिता और भाइयों के खिलाफ मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में पुलिस ने पहले ही दो भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वही पुलिस ने अब 62 वर्षीय पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

10 अक्टूबर को भाइयों के बीच हुई थी मारपीट
गिरफ्तार वृद्ध की पहचान हीरामन साव के पुत्र किशोरी साव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि 10 अक्टूबर 2026 को संपत्ति विवाद को लेकर तीन सहोदर भाइयों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में रमेश कुमार ने अपने भाइयों के साथ-साथ पिता को आरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पहले दो भाई, अब पिता की हुई गिरफ्तारी
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी क्रम में दो भाइयों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस ने आरोपित वृद्ध पिता किशोरी साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पिता की गिरफ्तारी क्षेत्र में चर्चा का विषय
संपत्ति विवाद में परिवार के सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी और 62 वर्षीय पिता की गिरफ्तारी की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की सत्यता का निर्धारण पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होगा।

भईया जी की रिपोर्ट
