नवादा : जिले के पकरीबरावां बाजार में खादिम शोरूम और वेलकम एमबीओ मॉल में हुई भीषण अगलगी की घटना अब आरोप-प्रत्यारोप में बदल गयी है। मॉल संचालक फारूक आजम ने खादिम शोरूम के संचालक सन्नी कुमार उर्फ शैलेंद्र कुमार, उनकी पत्नी डिंपल कुमारी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। उन्होंने बैंक कर्ज की देनदारी से बचने के लिए कथित साजिश के तहत आग लगाने का आरोप लगाया है। शोरूम संचालक सन्नी कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उनके शोरूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है।
शनिवार की रात पकरीबरावां बाजार स्थित खादिम शोरूम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बगल में स्थित वेलकम एमबीओ मॉल भी इसकी चपेट में आ गया। भीषण अगलगी के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय स्तर पर अग्निशमन व्यवस्था की कमी के कारण दूसरे क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। नवादा, नालंदा और शेखपुरा समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची अग्निशमन टीमों ने करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में दोनों प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
मॉल संचालक फारूक आजम ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि वर्ष 2023 में उन्होंने सन्नी कुमार उर्फ शैलेंद्र कुमार की पत्नी डिंपल कुमारी को अपने मॉल में दुकान किराये पर दी थी। उनका आरोप है कि पिछले दो वर्षों से दुकान का किराया नहीं दिया जा रहा था। कई बार मांगने के बावजूद किराये का भुगतान नहीं किया गया। फारूक आजम ने आरोप लगाया कि खादिम शोरूम के नाम पर बैंक से काफी कर्ज लिया गया था। उनके अनुसार, कर्ज की देनदारी से बचने के लिए कथित तौर पर साजिश रचकर आग लगायी गयी। हालांकि, ये शिकायतकर्ता के आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मॉल संचालक ने अपने आवेदन में दावा किया है कि आग लगने के शुरुआती दौर में जब शोरूम से धुआं उठ रहा था, उस समय सन्नी कुमार दुकान के बाहर खड़े थे। फारूक आजम का कहना है कि इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज उनके पास उपलब्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनके कर्मचारी आग बुझाने के लिए पहुंचे, तो उन्हें पानी डालने से मना कर दिया गया। मॉल संचालक ने इन परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य महत्वपूर्ण हो सकते हैं।
मॉल संचालक के आरोपों पर खादिम शोरूम के मालिक सन्नी कुमार उर्फ शैलेंद्र कुमार ने सफाई दी है। उन्होंने फारूक आजम के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उनके पास मॉल संचालक का कोई किराया बकाया नहीं है। सन्नी कुमार ने कहा, “क्या कोई दुकानदार अपनी ही दुकान में आग लगा सकता है? मेरे शोरूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी.” उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद वह उसे बुझाने के लिए अपने खादिम शोरूम के अंदर गये थे। इस दौरान वह होश खो बैठे । उनके अनुसार, शोरूम में मौजूद एक कर्मचारी ने उन्हें बाहर निकाला, अन्यथा वह भी आग की चपेट में आ सकते थे। सन्नी कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच प्रशासन कर रहा है और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आयेगी।
फारूक आजम की शिकायत के आधार पर सन्नी कुमार उर्फ शैलेंद्र कुमार, उनकी पत्नी डिंपल कुमारी, खादिम शोरूम के एक कर्मचारी और सन्नी के एक अन्य सहयोगी को आरोपित बनाया गया है। थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि मॉल संचालक की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। इसके आधार पर थाना कांड संख्या 511/26 दर्ज किया गया है।पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आग लगने के कारणों को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच पुलिस जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा।
भईया जी की रिपोर्ट