बिहार में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की 8 सीटों पर हो रहे MLC चुनाव को लेकर सियासी पारा फुल हॉट मोड में है। सबसे रोचक और कांटे का मुकाबला पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर है। इसी गरम सियासी माहौल में पटना स्नातक सीट से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने उनका विरोध कर रहे अपनी ही पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह को बड़ी चुनौती दी है। आज गुरुवार को बाढ़ में एक सभा को संबोधित करते हुए जदयू के MLC उम्मीदवार नीरज कुमार ने कहा कि हम पर आरोप लगाया जाता है कि हम अपराध की राजनीति करते हैं, गुंडागर्दी की राजनीति करते हैं। किसी माई के लाल में दम नहीं है कि मेरा चरित्र हनन कर दे। ऐसा कहा गया कि हम AK 56 रखवाते हैं, क्या यही हमारा संस्कार हैं? राजनीतिक आरोप हम बर्दाश्त कर लेंगे लेकिन कोई हमारा चरित्रहण करेगा तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसलिए हम जनता की अदालत में आये हैं।

कोई डराने की कोशिश करेगा तो…
पटना स्नातक सीट से जदयू के MLC उम्मीदवार नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी ललन सिंह तो कभी आरसीपी सिंह पर फंसाने का आरोप लगाते हैं। कोई किसी को नहीं फंसाता। हम डरने वाले नहीं हैं, अड़ने वाले हैं। किसी को चुनौती नहीं देते पर झुक कर वोट भी नहीं मांगते। एनडीए के कार्यकर्ता को कोई डराने की कोशिश करेगा तो कानून उसके जबड़े तक जाएगा। बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव होने हैं। इस चुनाव के लिए मतदान 23 अक्टूबर को और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। इन 8 सीटों के लिए कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें से 12 के नामांकन जांच में रद्द हो गए और दो ने नाम वापस ले लिया।
विदित हो कि पटना स्नातक सीट पर चुनाव को लेकर जदयू में बड़े स्तर पर कलह दिखाई दे रही है। पार्टी के विधायक अनंत सिंह ने MLC चुनाव में पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करने का ऐलान किया है। अनंत सिंह का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने उनके खिलाफ काम किया था। अनंत सिंह को मनाने की कई कोशिशें हुई लेकिन अनंत सिंह नहीं माने। वहीं अब नीरज कुमार ने भी अनंत सिंह पर बड़ा हमला बोला है। जदयू के विधायक अनंत सिंह हालांकि अपने बागी रुख पर कायम हैं। जब मोकामा के विधायक अनंत सिंह से पूछा गया कि क्या वह जदयू उम्मीदवार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन जारी रखेंगे। उन्होंने इस पर कहा- हां, समर्थन करेंगे। अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट से लगातार चौथी बार चुनाव लड़ रहे जदयू के विधान परिषद के मौजूदा सदस्य नीरज कुमार को हराने का संकल्प लिया है।
