नवादा : दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए बिहार राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की जिला इकाई जिला प्रशासन के साथ मिलकर सेवा कार्य करेगी। संगठन के सदस्य विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध करने, महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पंक्तियां व्यवस्थित करने तथा भीड़ नियंत्रित करने में सहयोग करेंगे। इस सेवा कार्य में करीब 250 स्काउट एंड गाइड सदस्यों के भाग लेने की जानकारी दी गयी है।
जिला संगठन आयुक्त संतु कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्काउट एंड गाइड के सदस्य दुर्गा पूजा के दौरान अपनी जिम्मेदारी निभायेंगे। अष्टमी, नवमी और विजयादशमी के अवसर पर विशेष रूप से सेवा कार्य किया जायेगा। सभी स्वयंसेवक अनुमंडल पदाधिकारी और पूजा समिति के अध्यक्ष के निर्देशन में काम करेंगे। पूजा पंडालों में भीड़ के दौरान बच्चों के अपने परिजनों से बिछड़ने की आशंका को देखते हुए स्वयंसेवक विशेष सतर्कता बरतेंगे। बच्चों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने में मदद के लिए नाम, पता, पिता का नाम और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी वाले पहचान पर्चे या पैकेट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा।
इससे किसी बच्चे के बिछड़ने की स्थिति में उसके परिवार तक पहुंचने में सहायता मिल सकेगी। स्काउट एंड गाइड के सदस्य श्रद्धालुओं को चोरी की घटनाओं के प्रति सतर्क करेंगे, साथ ही लोगों से अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सावधान रहने की अपील करेंगे। संगठन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने में प्रशासन का सहयोग करना है।
इस सेवा कार्य में जिला सचिव राम इकबाल शर्मा, जिला संगठन आयुक्त संतु कुमार, स्काउट मास्टर राजीव कुमार, रंजीत कुमार, संतोष कुमार वर्मा, अरविंद तिवारी, ममता रानी, अरविंद कुमार, सुमन कुमारी वर्मा, सौरभ गिरी, मुरलीधर, अंजना कुमारी और जिया खान सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभायेंगे। विभिन्न विद्यालयों के लीडर और अन्य सहयोगियों में मनीष कुमार, विकास, यस कुमार, प्रभव यादव, अभिषेक कुमार, गुलशन, अंजनी, कशिश, सुमन, प्रेमलता, स्वीटी और अनोखी सहित अन्य लोग सेवा कार्य में योगदान देंगे।
भईया जी की रिपोर्ट
