नवादा : पॉलिटेक्निक कॉलेज नवादा में संस्थान के स्टार्टअप सेल के तत्वावधान में टेक स्पार्क 2026 हैकाथॉन का आयोजन किया गया। इसमें पॉलिटेक्निक कॉलेज नवादा, औरंगाबाद और अस्थावां के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, तकनीकी रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और उद्यमिता की भावना को बढ़ावा देना था।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया तकनीकी प्रोटोटाइप
हैकाथॉन में विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान पर आधारित नवीन प्रोटोटाइप प्रस्तुत किया । प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने विचारों को तकनीकी मॉडल के रूप में पेश किय। आयोजन के जरिए उन्हें व्यावहारिक समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान विकसित करने का अवसर मिला।
स्मार्ट वर्कर हेलमेट प्रोजेक्ट को मिला पहला स्थान
प्रतियोगिता में राजकीय पॉलिटेक्निक नवादा की टीम एक्वा एलुमिना ने प्रथम स्थान हासिल किया। टीम ने खदानों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा के लिए सेंसर आधारित स्मार्ट वर्कर हेलमेट फॉर माइन वर्कर्स परियोजना प्रस्तुत की। प्रोजेक्ट का उद्देश्य खदानों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों के लिए तकनीकी समाधान विकसित करना है।
रोबोटिक मेडिसिन प्रोवाइड प्रोजेक्ट दूसरे स्थान पर
राजकीय पॉलिटेक्निक अस्थावां की टीम एक्स स्पार्क ने रोबोटिक मेडिसिन प्रोवाइड परियोजना के लिए दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक नवादा की टीम इन्नोवेटिव डेवलपमेंट ने लो कॉस्ट मशीन फॉर प्लेट्स परियोजना के लिए तीसरा पुरस्कार हासिल किया।
विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मौके पर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सहायक निदेशक प्रो. प्रेरणा राय और सहायक निदेशक प्रो. प्रणव विभागीय पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. शुभेंदु अमित, राजकीय अभियंत्रण संस्थान से जुड़े प्रतिनिधि, मौजूद थे।
विद्यार्थियों को तकनीकी और व्यावहारिक मार्गदर्शन
मुख्य अतिथि प्रो. शुभेंदु अमित ने विद्यार्थियों को तकनीकी, व्यावहारिक और नवाचार संबंधी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों को उपयोगी तकनीकी उत्पादों और व्यावहारिक समाधानों में बदलने के लिए प्रेरित किया। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने और तकनीकी सोच विकसित करने का अवसर मिलता है।
प्राचार्य ने बतायी नवाचार और उद्यमिता की अहमियत
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अभिषेक कुमार ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में नवाचार और उद्यमिता की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं , बल्कि वास्तविक जीवन की समस्याओं को पहचानकर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करना है।
स्टार्टअप और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर
प्राचार्य के अनुसार, इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। टेक स्पार्क 2026 जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी कल्पनाओं को प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने और उन्हें दूसरों के सामने प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करता है।
भईया जी की रिपोर्ट