आरा में आज शनिवार की सुबह बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे हार्डवेयर कारोबारी की बीच सड़क गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने कारोबारी को घेरकर उनके सिर में बेहद करीब से गोली मारी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे बड़े आराम से फरार हो गए। गंभीर हालत में कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहां गांव निवासी उपेंद्र कुमार सिंह (36) के रूप में हुई। वर्तमान में वह आरा के नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड स्थित गौतम बुद्ध नगर में अपना मकान बनाकर परिजनों के साथ रहते थे और हार्डवेयर की दुकान चलाते थे। परिजनों ने बताया कि उपेंद्र आज सुबह ही ससुराल से आरा पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद जब वह बाइक से लौट रहे थे, तभी बिहारी मिल स्थित सूर्य मंदिर के समीप पुल पर पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने उपेंद्र के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी अपनी बाइक से फरार हो गए।
पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसमें पुरानी व्यक्तिगत रंजिश, व्यावसायिक दुश्मनी, जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन जैसे सभी कोणों पर तफ्तीश चल रही है। शहर से बाहर जाने के रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है। साथ ही घटनास्थल और मुख्य सड़क पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।
बताया जाता है कि हार्डवेयर कारोबारी उपेंद्र कुमार सिंह अपने घर के बड़े बेटे थे और पूरे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई सत्येंद्र कुमार सिंह भारतीय सेना में कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि लगभग एक साल पहले ही बीमारी के कारण उनके पिता बैजनाथ यादव का निधन हुआ था। अब घर के बड़े बेटे की हत्या से परिवार के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है। बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटते पिता की इस तरह हत्या हो जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।