नवादा : जिले के गोविंदपुर अस्पताल परिसर से सटे स्थान पर प्रेम प्रसंग के मामले में घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चला। प्रेमी युगल के शादी करने की जानकारी मिलने के बाद लड़के पक्ष के परिजन मौके पर पहुंच गये और शादी का पुरजोर विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजनों के बीच नोकझोंक शुरू हो गयी, जिसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी। कुछ ही देर में मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हो गये।
बताया जाता है कि हिसुआ थाना क्षेत्र के बभनौर गांव निवासी मुकेश कुमार का झारखंड के सतगावां थाना क्षेत्र के नंदूडीह गांव निवासी सलोनी कुमारी के साथ पिछले कई दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़के पक्ष के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे।
रविवार को प्रेमी युगल ने झारखंड स्थित एक मंदिर में सगाई कर ली। इसके बाद दोनों गोविंदपुर पहुंच गये। दोनों के गोविंदपुर पहुंचने की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, लड़के पक्ष के लोग अस्पताल परिसर के समीप पहुंच गये और शादी का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गयी। मामला बढ़ता देख आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गयी। इसी बीच किसी व्यक्ति ने मामले की सूचना डायल-112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रेमी युगल से पूछताछ की।
पुलिस ने दोनों के आधार कार्ड की जांच कर उनकी उम्र की पुष्टि की। उम्र वैध पाये जाने के बाद पुलिस ने दोनों को जाने दिया। पुलिस के जाने के बाद युवक अपनी बाइक से युवती को लेकर उसके घर की ओर चला गया। प्रेमी युगल की शादी को लेकर अस्पताल परिसर के समीप काफी देर तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही। घटना के दौरान अस्पताल परिसर के आसपास काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही।
भईया जी की रिपोर्ट
