नवादा : पिता की हत्या के मामले में अदालत ने पुत्र को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय उपेंद्र कुमार की अदालत ने सोमवार को मामले में फैसला सुनाया। दोषी मुकेश मांझी को उम्रकैद के साथ पांच हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया है। मुकेश मांझी पकरीबरावां थाना क्षेत्र के ओदपुरा मुसहरी का रहने वाला है। अदालत ने उपलब्ध गवाहों के बयान और पुलिस की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर उसे दोषी ठहराया।

मामला 27 सितंबर 2024 की रात करीब आठ बजे का है। ओदपुर गांव निवासी इंदल मांझी अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उनके पुत्र मुकेश मांझी ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में इंदल मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई थी।
घटना को लेकर मृतक की मां मनकवा देवी के बयान पर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले में कांड संख्या 435/24 दर्ज कर जांच शुरू की थी जांच के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए और उन्हें अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से भी घटना से जुड़े तथ्यों और गवाहों के बयान अदालत के सामने रखे गए।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने मुकेश मांझी को दोषी माना। अदालत ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से अभियोजन पदाधिकारी नवनीत कुमार ने अदालत के समक्ष पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों को आधार बनाकर अभियोजन ने आरोपी के खिलाफ अपना पक्ष रखा।
भईया जी की रिपोर्ट

