नवादा : जिले का सिरदला थाना अक्सर विवादों के घेरे में रहा है। वर्तमान से लेकर पूर्व थानाध्यक्ष इसकी जद में आते रहे हैं। हर बार मामला शराब माफिया अरविंद उर्फ मोहन से जुड़ा है। भले ही जांच हो या न हो लेकिन आरोप लगते रहे हैं और इस बार भी लग रहे हैं। शिकायत एसपी से की गयी है लेकिन पूर्व की भांति कार्रवाई तो दूर जांच होगी भी इसमें संदेह है।
आरोप है कि सिरदला थानाध्यक्ष श्री बिनेश चौरसिया द्वारा अरविंद कुमार उर्फ मोहन नामक एक निजी व्यक्ति/कथित दलाल को थाना के कार्यों में रखा गया है। उक्त व्यक्ति द्वारा अवैध शराब कारोबारियों से अवैध रूप से राशि की वसूली की जाती है तथा वसूली गई राशि थानाध्यक्ष तक पहुंचाई जाती है।
यह भी आरोप है कि जो व्यक्ति उक्त राशि देने से इनकार करता है, उसके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे पकड़कर थाना लाया जाता है तथा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाता है। यदि उक्त आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो यह गंभीर मामला है और पुलिस की निष्पक्षता एवं कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठता है।
आवेदक ने मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच किसी वरीय पुलिस पदाधिकारी से कराने तथा संबंधित थाना के CCTV फुटेज, थाना की दैनिक गतिविधियों, कॉल डिटेल/अन्य उपलब्ध साक्ष्यों एवं संबंधित व्यक्तियों के बयान की जांच कराने की गुहार लगायी है । आरोप सत्य पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की गुहार लगायी है।
बता दें इसके पूर्व तत्कालीन थानाध्यक्ष के साथ मोहन की सांठगांठ, थाने में बैठकर शराब पार्टी, नशे में धुत्त होकर अश्लील डांस आदि का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद एसपी ने संज्ञान तक नहीं लिया था। ऐसे में आवेदन पर कार्रवाई या जांच होगी यह भविष्य के गर्भ में है।
भईया जी की रिपोर्ट
