बिहार में पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों के मुद्दों को लेकर आज बुधवार को तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकाले गए आरजेडी के राजभवन मार्च के दौरान पटना में भारी हंगामा हुआ। जेपी गोलंबर से मार्च शुरू होने के बाद डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च रोकने की कोशिश की। लेकिन तेजस्वी अपने समर्थकों के साथ बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वहां हंगामा मच गया। पुलिस ने इसबीच तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया। इससे राजद कार्यकर्ता भड़क उठे और उनकी पुलिस के साथ तीखी झड़प हो गई। इधर हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी ने कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। तेजस्वी ने कहा कि हमारे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी जेल में ही हुआ था। लेकिन इस बर्बर सरकार को झुकना ही पड़ेगा। ऐसे काम चल नहीं पाएगा।

दरअसल आज राजद के राजभवन मार्च को लेकर आज सुबह से ही पटना में भारी सुरक्षा की तैयारी की गई थी। लेकिन इसके बावजूद राजद नेता और कार्यकर्ताओं को पुलिस रोक नहीं पाई। इनकम टैक्स चौराहा से पहले डाकबंगला के पास भी राजद के लोगों और पुलिस के बीच झड़प हुई। वहां पहली बार वाटर कैनन का प्रयोग किया गया। लेकिन तेजस्वी अपने कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़ने में सफल रहे। इसके बाद आयकर गोलंबर के पास एक बार फिर RJD कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। वहां भी पुलिस ने भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी लेकिन जब हालात अनियंत्रित होने लगा तो वहां एक बार फिर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। जब वाटर कैनन चलाया गया तो RJD वाले डांस करने लगे। फिलहाल इनकम टैक्स पर पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है और पुलिस आरजेडी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रही है।
इधर हिरासत में लिये जाने के बाद तेजस्वी ने कहा कि छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर हमारी पार्टी द्वारा यह मार्च निकाला गया था। लेकिन यह निरंकुश सरकार आम लोगों के साथ ही बच्चों के हक को मारना चाहती है। हमारे शांतिपूर्ण मार्च पर इस तरह वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया जैसे हमलोग कोई अपराध करने निकले हैं। RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि यह सब सम्राट चौधरी के आदेश पर हुआ है। लेकिन इस वाटर कैनन से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। जनता जाग चुकी है और सड़कों पर है। अब सरकार को झुकना ही पड़ेगा, ऐसे काम नहीं चलेगा।
