बांकीपुर उपचुनाव रिजल्ट के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है और शुरुआत से ही जनसुराज के नेता प्रशांत किशोर ने भाजपा के इस गढ़ में अच्छी बढ़त बना ली है। चौथे राउंड की गिनती के बाद जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर बीजेपी के नीरज सिनहा से करीब 1145 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, प्रशांत किशोर को चौथे राउंड तक कुल 6269 वोट मिले हैं। जबकि भाजपा के नीरज कुमार को कुल 5124 वोट मिले और दोनों के बीच करीब 1145 वोटों का अंतर है। वहीं, राजद की रेखा कुमारी 884 वोट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अभी कुल 31 राउंड में से 4 राउंड की ही गिनती पूरी हुई है। लेकिन खास बात यह है कि पहले राउंड से ही प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाते जा रहे हैं। ऐसे में शुरुआती संकेत तो यही बताते हैं कि भाजपा की नीतियों को अब उसी के कोर वोटर ने नकारना शुरू कर दिया है। यह भाजपा के लिए टेंशन बढ़ाने वाला सीन है।
भाजपा के गढ़ में बड़ी सेंधमारी
आयोग के आंकड़ों के अनुसार प्रशांत किशोर को तीसरे राउंड तक 5032 वोट मिले थे, जबकि इसी राउंड में भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 3870 वोट ही मिले। तीसरे राउंड में वह 1162 वोट से पीछे रहे। कुछ इसी तरह का मुकाबला पहले और दूसरे राउंड में भी रहा और प्रशांत किशोर लगातार आगे बढ़ते रहे हैं। हालांकि अभी 27 राउंड की गिनती बाकी है, इसलिए मुकाबला पूरी तरह खत्म नहीं माना जा सकता। इस उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं और करीब 1.30 लाख मतों की गिनती की जा रही है। मुख्य मुकाबला प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा और राजद की रेखा कुमारी के बीच माना जा रहा है। वहीं बात जनसुराज खेमे की करें तो वहां वोटों की गिनती के साथ ही समर्थकों में उत्साह चरम पर है। वहीं बीजेपी नेताओं ने जीत का दावा करते हुए कहा कि बांकीपुर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी की सीट है। वहां से वो हमेशा से जीते हैं तो इस बार भी बीजेपी के नीरज सिन्हा जीतेंगे।