हाल ही में हुए महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार इस पेपरली का मास्टरमाइंड भी एक बिहारी ही है। इस सिलसिले में ठाणे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार की राजधानी पटना से आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को गिरफ्तार किया है। जांच में इस मामले का भी बिहार से कनेक्शन सामने आया। पुलिस के मुताबिक समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र कुमार गुप्ता इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। छापेमारी के दौरान वह फरार होने में कामयाब रहा। बताया जाता है कि पेपरलीक की जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर बिजेंद्र की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस की टीमें बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लगातार छापेमारी कर रही हैं। लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
महाराष्ट्र टेट पेपरलीक मामले में भिवंडी पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन तीनों से पूछताछ के दौरान ही बिहार के मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता का नाम सामने आया। पुलिस का दावा है कि बिजेंद्र लंबे समय से पेपर लीक गिरोह से जुड़ा है। उसका नाम पहले भी कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है। सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2011 के एक बड़े पेपर लीक मामले में भी वह आरोपी रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह करीब 25 वर्षों से इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। विदित हो कि महाराष्ट्र सरकार ने पेपर लीक के आरोपों के बाद 28 जून को होने वाली TET-2026 परीक्षा स्थगित कर दी थी। इस परीक्षा में करीब छह लाख अभ्यर्थियों को शामिल होना था। परीक्षा कैंसल करने के बाद अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों और लोगों से जुड़े हैं।