पटना/बाढ़ : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अथमलगोला थाना परिसर में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राजेश कुमार ने की।बैठक में मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, जुलूस मार्ग तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने समेत विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बीडीओ सह सीओ राजेश कुमार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों से प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। वहीं पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार ने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने शरारती तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। बैठक में अपर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, पुलिस पदाधिकारी अर्चना कुमारी शर्मा, श्याम कुमार, विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट