नवादा : जिले के वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र के पैंगरी गांव में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। अभियान का नेतृत्व वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी और मुखिया प्रतिनिधि डॉ. राकेश रंजन ने किया। रैली में विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गांव की गलियों में घूमकर ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान छात्राओं ने ‘जन-जन को जगाना है, साइबर मुक्त बिहार बनाना है’ जैसे नारे लगाए। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के अलग-अलग तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी गई। लोगों को अनजान कॉल, फर्जी लिंक, लॉटरी के झांसे और ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने कहा कि साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं ऐसे में मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों से साइबर अपराध से बचने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। मुखिया प्रतिनिधि डॉ. राकेश रंजन ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ जन-जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने लोगों से अभियान के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट
