नवादा : सोशल मीडिया पर ‘रील’ बनाने के चक्कर में बाइक पर खतरनाक ‘लहरिया कट’ स्टंट दिखा रही एक लड़की पर नवादा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन पर 12,000 रुपये का भारी-भरकम चालान काट दिया।

आज के दौर में सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने की चाहत युवाओं में इस कदर बढ़ गई है कि वे अपनी और दूसरों की जिंदगी दांव पर लगाने से भी नहीं कतराते हैं। ताजा नवादा से सामने आया है, जहां एक मैडम बाइक पर ‘लहरिया कट’ स्टंट करते हुए रील बना रही थीं। इस स्टंटबाजी का वीडियो जब सोशल मीडिया पर आया, तो पुलिस ने त्वरित और सख्त एक्शन लिया। ट्रैफिक थाना पुलिस ने वीडियो में दिख रही मोटरसाइकिल की पहचान कर उस पर 12,000 रुपये का तगड़ा जुर्माना ठोका है, जिससे स्टंटबाजों में हड़कंप मच गया है।
सोशल मीडिया रील के चक्कर में स्टंटबाजी
आजकल लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए लोग सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामले में एक युवती द्वारा बाइक पर स्टंट करते हुए वीडियो शूट कराया गया था। ये वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आया, नवादा पुलिस प्रशासन की नजर इस पर तुरंत पड़ गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वीडियो का संज्ञान: – ट्रैफिक थाना की टीम ने वायरल हो रहे स्टंट वीडियो की तुरंत जांच की और वाहन की पहचान की।

जुर्माना:- यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने और खतरनाक ड्राइविंग करने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल का कुल 12,000 रुपये का चालान काट दिया।
कड़ा संदेश:- पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए यह साफ कर दिया है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

जिंदगी में कोई रीवाइंड का ऑप्शन नहीं
प्रशासन और पुलिस लगातार यह समझा रही है कि वीडियो गेम की तरह असल जिंदगी में ‘रीवाइंड’ या ‘रिस्टार्ट’ का कोई विकल्प नहीं होता है। इसलिए चंद पलों की शोहरत या एक ‘रील’ के लिए अपनी अनमोल जान को खतरे में डालना बेहद मूर्खतापूर्ण और जानलेवा साबित हो सकता है।
यातायात नियमों का करें पालन, सुरक्षित रहें
सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के खतरनाक स्टंट करना एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। पुलिस ने आम नागरिकों और खासकर युवाओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों की जान को भी जोखिम में डालने से बचें।
भईया जी की रिपोर्ट
