पटना : बिहार सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 21 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस फेरबदल में पटना सहित 11 जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को बदल दिया गया है। गुरुवार को जारी अधिसूचना के अनुसार पटना, नालंदा, जहानाबाद, रोहतास, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, खगड़िया, बांका, गोपालगंज, किशनगंज, मुजफ्फरपुर और वैशाली समेत कई जिलों में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार को स्थानांतरित कर पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रधान सचिव राबर्ट एल. चोंग्थू को संसदीय कार्य विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में पदस्थापित किया गया है।
खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। सामाजिक सुरक्षा निदेशक धर्मेंद्र कुमार को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही डॉ. चंद्रशेखर सिंह इस पद से मुक्त हो जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव छिरिड़ वाई. भूटिया को जहानाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह को नालंदा का डीएम नियुक्त किया गया है। पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ जोरवाल को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। निबंधक महानिरीक्षक सह उत्पाद आयुक्त अंशुल अग्रवाल को बांका का जिलाधिकारी बनाया गया है। जहानाबाद की डीएम अलंकृता पांडेय को भागलपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक कुमार गौरव को मुजफ्फरपुर का डीएम बनाया गया है। कंफेड के निदेशक समीर सौरभ को गोपालगंज का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव को पूर्वी चंपारण का डीएम बनाया गया है। वित्त विभाग के विशेष सचिव मुकेश कुमार लाल फिलहाल कृषि निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। जहानाबाद की उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति को समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) की निदेशक बनाया गया है।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक नवीन कुमार को किशनगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम विरक खगड़िया के नए डीएम होंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव दीपक कुमार मिश्रा को रोहतास का जिलाधिकारी बनाया गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी चंद्रिमा अत्री को समाज कल्याण विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने इस प्रशासनिक फेरबदल को सुशासन एवं विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट