नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के धमनी-बुढ़ियासाख सड़क मार्ग के बीच सरियो जंगल से पुलिस बलों ने पानी के बोतलों के नीचे छिपाकर रखे भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया। शराब की खेप झारखंड के कोडरमा जिले से रजौली के चटकरी गांव होते हुए चटकरी-बुढ़ियासाख-धमनी सड़क मार्ग से रजौली पहुंचने वाला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात पिकअप वाहन पर नीचे शराब के कार्टून और ऊपर पानी बोतल की पैकेटों को रखकर शराब की खेप लाई जा रही थी।
सरियो जंगल में पुलिस की छापेमारी
पिकअप वाहन की मदद से शराब तस्कर शराब के दर्जनों कार्टून को पानी की बोतलों से ढककर सरियो जंगल में चला गया था।थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि शराब परिवहन की खेप को लेकर गुप्त सूचना मिली। सूचना सत्यापन एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई को लेकर थाने में पदस्थापित एएसआई सहदेव प्रसाद को सशस्त्र पुलिस बलों के साथ भेजा गया।
पुलिस बलों ने धमनी-बुढ़ियासाख सड़क से लगभग 500 मीटर दूर जंगली क्षेत्र में रखे विदेशी शराब और पानी के बोतल के दर्जनों पैकेटों को बरामद किया। बरामद शराब में रॉयल स्टैग एवं रॉयल चैलेंज समेत अन्य विभिन्न कम्पनियों के कुल 327.5 लीटर है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त शराब को लेकर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट