नवादा : जिले के सभी प्रखंडों में16 जून 2026 से तीन दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर 16, 17 एवं 18 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री-सह-नवादा जिला प्रभारी मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की उपस्थिति में सदर प्रखंड परिसर में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान माननीय मंत्री ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर माननीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्रता से प्राप्त हो सके। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा लाभुकों से आवेदन भी प्राप्त किए गए। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट