नवादा : जिले के हिसुआ नगर पर्षद में होल्डिंग टैक्स में भारी बढ़ोतरी हुई है। आवासीय परिसर में कम लेकिन कॉमर्शियल परिसर में काफी अधिक बढ़ोतरी की गयी है। बताया गया है कि कॉमर्शियल टैक्स बढ़कर 43 रूपये प्रति स्कॉयर फीट तक हो गया है। मामले पर लोगों ने कटे होल्डिंग टैक्स की नयी रसीद दिखाते हुए मनमानी किये जाने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि टैक्स में बढ़ोतरी कितने प्रतिशत तक होगी इसकी सीमा तय होनी चाहिए। बोर्ड की बैठक में इसे पारित कर लागू किया जाना चाहिए। यह तो जनता पर मनमानी तरीके से जबरदस्ती बोझ लादा जा रहा है।
पूर्व वार्ड पार्षद पवन कुमार गुप्ता, अहसान अहमद, इरफान अहमद, बिजेंद्र कुमार, जयंत कुमार, अलख प्रसाद, आलोक कुमार सहित लोगों ने बताया कि मनमानी तरीके से अचानक टैक्स लागू कर दिया गया.श। इरफान अहमद ने बताया कि अगले साल तक कॉमर्शियल परिसर का टैक्स 17 सौ रूपये था लेकिन अब नौ हजार तीन सौ रूपये कर दिया।
पवन कुमार गुप्ता सहित उक्त लोगों ने बताया की सड़क का वर्गीकरण भी बदल दिया गया है। अगले साल तक प्रधान सड़क हाइवे हिसुआ-गया-राजगीर रोड तय था। हिसुआ-नवादा रोड मुख्य मार्ग और अन्य को सहायक मार्ग तय कर टैक्स की वसूली हो रही थी, लेकिन अभी हिसुआ-नवादा मेन रोड पर हाइवे का टैक्स लगा दिया गया है। टैक्स 43 रूपये प्रति स्कॉयर फीट कर दिया गया है। हाइवे का 32 रुपये प्रति स्कॉयर फीट, मुख्य सड़क का 22 रूपये स्कॉयर फीट और अन्य गली और मार्ग का उससे कम निर्धारित था, लेकिन अब टैक्स को बढ़ाकर क्रमशः 43, 29, 14 रूपये कर दिया गया है।
वार्ड पार्षदों पर जनता के हित में काम न करने का आरोप, जमकर विरोध
मामले पर नगर निवासी वार्ड पार्षद, मुख्य पार्षद और उपमुख्य पार्षदों पर आम हित में काम नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं। लोगों ने कहा कि हम दस साल से लागू टैक्स करने की लड़ाई लड़ रहें है। हाई कोर्ट में भी मामला गया। कोर्ट ने नप के बोर्ड को इस पर फैसला लेने का निर्देश दिया लेकिन उसे भी नकार दिया गया। लाख प्रयास के बाद पूर्व का टैक्स कम नहीं हुआ और अब दूसरे तरह से बोझ डाला जा रहा है। लोगों का कहना है कि हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग वालों पर दोहरी मार पड़ी है। एक तो उस मार्ग को हाइवे बना दिया गया दूसरा टैक्स काफी बढ़ा दिया गया। बता दें कि जिन लोगों पर इस तरह का टैक्स लगाकर रसीद काटा जा रहा है वे जमकर विरोध कर रहे हैं। वार्ड पार्षद, मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद का जमकर विरोध कर रहे हैं। बोर्ड की बैठक में गलत करने का आरोप लगा रहे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट