नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में चोरी के वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चोरी की मोटरसाइकिल खरीदकर घर में रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
सिरदला पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ढाब गांव में एक युवक के पास चोरी की मोटरसाइकिल मौजूद है। सूचना सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
घर से बरामद हुई चोरी की मोटरसाइकिल
गिरफ्तार युवक की पहचान ढाब गांव निवासी महेश राजवंशी के पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर से बरामद मोटरसाइकिल के कागजात और वाहन संबंधी विवरण की जांच की। जांच के दौरान वाहन चोरी का पाया गया, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
एसआई मुकेश कुमार सिंह ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में एसआई मुकेश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
किसने बेची चोरी की बाइक? पुलिस जांच में जुटी
थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी पर चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने, उसे घर में रखने और उसके परिवहन में शामिल रहने का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का वाहन उसे किसने बेचा और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस बावत थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट